logo

महाराष्ट्र : शिंदे गुट के 15 विधायकों को केंद्र ने दी वाई प्लस सुरक्षा, एक और विधायक शिंदे गुट में शामिल 

Uday_samant.jpg

डेस्क:
केंद्र सरकार ने एकनाथ शिंदे गुट के बाग़ी विधायकों में से 15 विधायकों को वाई-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा देने का फ़ैसला किया है। इन विधायकों को सशस्त्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) सुरक्षा  प्रदान करेगा। बागी विधायक रमेश बोर्नारे, मंगेश कुदलकर, संजय शिरसत, लताबाई सोनवणे, प्रकाश सुर्वे, सदानंद सरनावंकर, योगेश दादा कदम, प्रताप सरनाइक, यामिनी जाधव, प्रदीप जायसवाल, संजय राठौड़, दादाजी भूसे, दिलीप लांडे, बालाजी कल्याणर, संदीपन भुमारे को सीआरपीएफ की सुरक्षा मुहैया कराई गई है। वही दूसरी ओर शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे को एक और मंत्री का समर्थन हासिल हो गया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री उदय सामंत भी अब एकनाथ शिंदे खेमें में शामिल होने के लिए गुवाहाटी रवाना हो गए है। 


बाग़ी विधायकों के घरों की बढ़ाई गई सुरक्षा
शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में क़रीब 37 विधायकों का एक समूह गुवाहाटी के एक होटल में मौजूद है। इससे पहले शनिवार को एकनाथ शिंदे के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। अब मीडिया में आ रही ख़बरों के मुताबिक़, बाग़ी विधायकों के घरों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। इस बीच ख़बर यह भी है कि गुवाहाटी के होटल में मौजूद बाग़ी विधायकों की बैठक चल रही है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जा सकती है। 


एकनाथ शिंदे के साथ उद्धव सरकार के कई मंत्री 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। उनके मंत्री लगतार उनका साथ छोड़ते जा रहे हैं। इस बीच उनकी सरकार के एक मंत्री उदय सामंत भी अब एकनाथ शिंदे खेमें में शामिल होने के लिए गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए है।  महाराष्ट्र सरकार के कई मंत्री शिंदे खेमें में जा चुके हैं।  इनमें एकनाथ शिंदे के साथ दादा भुसे, गुलाबराव पाटिल, संदीपन भुमरे, उदय सामंत का नाम शामिल हैं। इसके अलावा राज्य मंत्री शंभूराज देसाई, अब्दुल सत्तारी, राजेंद्र पाटिल येद्रावकर, बच्चू कडू (प्रहार जनशक्ति) शामिल हैं।