logo

चाईबासा में विधवा से 15 लाख की धोखाधड़ी, मौलवी गिरफ्तार; बच्चों को पढ़ाने और झाड़-फूंक करने आता था

चाईबासा में विधवा से 15 लाख की धोखाधड़ी, मौलवी गिरफ्तार; बच्चों को पढ़ाने और झाड़-फूंक करने आता था

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
चाईबासा में एक विधवा महिला से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने मौलवी हाफिज रमीज असलम को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर के बड़ी बाजार स्थित हिंद चौक का रहने वाला है। पुलिस ने उसे बीते शनिवार को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी के अनुसार, झींकपानी प्रखंड में कार्यरत पीड़िता अमीना बानू के लिखित बयान के आधार पर पांच मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी बच्चों को उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के सिलसिले में पीड़िता के घर आता था। इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने महिला से अलग-अलग बहाने से रुपये लिए।


जमीन और गाड़ी दिलाने का झांसा देकर लिए लाखों रुपये
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी 2023 को जमीन दिलाने का वादा कर आरोपी ने उनसे 5 लाख 50 हजार रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये मूल्य की सोने की एक जोड़ी झुमकी ले ली। इसके बाद बैंक से लोन लेने पर गाड़ी दिलाने का झांसा देकर 9 लाख 50 हजार रुपये और ले लिए। आरोपी ने भरोसा दिया था कि वह लोन की मासिक किस्त और ब्याज चुकाएगा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। अब बैंक पीड़िता के वेतन से लोन की किस्त काट रहा है। इस कारण महिला को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


रुपये और सामान मांगने पर करता रहा टालमटोल
शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने जब आरोपी से अपने रुपये लौटाने या वादे के मुताबिक जमीन और गाड़ी देने की मांग की, तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय तक समाधान नहीं मिलने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई और कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है और आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

Tags - Chaibasa News Jharkhand Crime Fraud Case Police Action Financial Cheating