द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जाने के क्रम में बेंगाबाद पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सूर्या हांसदा मामले में सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि "सूर्या हांसदा एक आंदोलनकारी थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने उन्हें अपराधियों की श्रेणी में रखकर पुलिस से एनकाउंटर करवा दिया।" उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा पर जितने भी मामले दर्ज हुए, वह अवैध खनन और गरीबों के शोषण का विरोध करने को लेकर हुए थे। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय गरीबों के हक की लड़ाई में उनके साथ भी कई आंदोलनकारियों पर केस दर्ज किए गए थे, लेकिन सभी ने अदालत से जमानत ली। फिर सूर्या हांसदा के मामले में ऐसा क्यों किया गया?"
नगड़ी आंदोलन का जिक्र करते हुए सोरेन ने कहा कि जब उन्होंने आदिवासियों की जमीन अधिग्रहण के खिलाफ आवाज उठाई, तब उन्हें भी हाउस अरेस्ट कर दिया गया था। उन्होंने साफ कहा कि "सरकार को हम जमीन अधिग्रहण नहीं करने देंगे, जमीन आदिवासियों की है और उस पर खेती ही होगी।"
