logo

झारखंड में आज बारिश के आसार, वज्रपात की आशंका; 40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

वोीगेप411.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। आज सुबह बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा जैसे जिले में घने बादल छाए रहे। हवा ही रफ्तार तेज रही। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। मौसम के बदला मिजाज आज राज्य के दक्षिणी तथा मध्य भाग में लगभग दिन भर देखने को मिल सकता है। जहां हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान आकाश से बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि का पूर्वानुमान किया गया है। बताया गया है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर से 50 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है। मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के उत्तरी भाग में भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है। ओलावृष्टि, मेघ गर्जन और तेज हवा के दायरे में राज्य के उत्तरी हिस्से के 15 जिले आने वाले हैं। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी है।


21 मार्च को भी बारिश और वज्रपात का पूर्वानुमान
21 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां के साथ-साथ रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, मेघ गर्जन होगा। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दिन पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज जिले के कुछ हिस्से में मेघ गरजने और वज्रपात की आशंका है।


22 मार्च को 50km/h की रफ्तार से चलेगी हवा
इसी तरह 22 मार्च को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। ओलावृष्टि, मेघ गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दायरे में और राज्य के दक्षिणी, मध्य और निकटवर्ती उत्तर-पूर्वी भाग के 9 जिले आएंगे। इस दिन के लिए मौसम केंद्र रांची ने अलग-अलग जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के पूर्वी भाग में 23 मार्च को भी तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दिन लगभग पूरे झारखंड में हल्के से मध्य दर्जे की बारिश होगी। हालांकि इस दिन के लिए मौसम केंद्र ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।