बोकारो
बोकारो जिले के चंद्रपुरा में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक बाइक दीवार से टकरायी औऱ दो हिस्सों में बंट गयी। इससे बाइक पर तीन सवार युवकों में से दो की मौत हो गयी औऱ एक सवार की हालत नाजुक बताई जा रही है। तीनों की उम्र 20-24 के बीच बताई गयी है। ये सड़क हादसा हीरक रोड की टर्निंग पर हुआ है, जो कि चंद्रपुरा दुगदा रोड टी मोड़ के पास है। मृतक युवकों के नाम संदीप सोरेन औऱ सूरज किस्कू हैं। वहीं, घायल युवक का नाम संतोष हांसदा बताया गया है, जो कि चंद्रपुरा झऱनाडीह का रहने वाला है। वहीं, दोनों मृतक क्रमश: जिले के बरवाडीह और बोधनाडीह के रहनेवाले हैं। घटना बीती रात एक से दो बजे की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक तेज रफ्तार में थी और रात के समय घने कोहरे की वजह से शायद दीवार से टकरा गयी। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी, वो दीवार के आरपार हो गयी और दो हिस्सों में बंट गयी। इससे दो युवकों को मौत घटना स्थल पर ही हो गयी।

पुलिस कर रही मामले की पड़ताल
मिली खबर में बताया गया है कि तीनों युवक रात के समय शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस स्थानीय लोगों से हादसे की सूचना मिलने के बाद दो बजे रात के बाद पहुंची। पुलिस के सहयोग से ही घायल संतोष को निकट के एक अस्पातल में पहुंचाया गया। संतोष की हालत को गंभीर देखते हुए उसे चिकित्सकों ने बोकारो बीजीएच रेफर कर दिया है। वहीं, दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए चास भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि बाइक की दीवार से टक्कर अत्यधिक रफ्तार के कारण हुई है या किसी वाहन ने उनको रात के समय चकमा दिया है।

सड़क खराब होने की शिकायत
स्थानीय लोगों ने बताया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वहां आसपास की सड़क की हालत भी अच्छी नहीं है। इसकी शिकायत कई बार हुई है, लेकिन सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। बरसात के बाद से इलाके की सड़कों की हालत दयनीय है। आये दिन हो रहे सड़क हादसे इस कारण भी हो रहे हैं। बहरहाल, एक साथ दो युवकों की मौत से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है।
