द फॉलोअप डेस्क
झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल में नियम संगत झारखंडी सदस्यों को नामित करने की मांग तेज हो रही है। नियम के विरुद्ध गैर-झारखंडी व गैर-सरकारी पदाधिकारियों का चयन होने से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। 'झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा' (जेएलकेएम) बुधवार को फार्मेसी काउंसिल कार्यालय, बरियातू के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगा।
संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने आज सामूहिक प्रेस वार्ता में कहा कि पत्राचार के बाद विभागीय अवर सचिव से मुलाकात कर अनियमितता की विस्तृत जानकारी साझा की गई है। इसके बावजूद सरकार की उदासीनता बनी हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। छात्रों के सुचारू शिक्षण संचालन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि आंदोलन की संपूर्ण तैयारी कर ली गई है और विभागीय व प्रशासनिक सूचनार्थ जानकारी भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान निबंधक सह सचिव का कार्यकाल 13 अप्रैल 2025 को ही समाप्त हो चुका है।
