द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के परसुडीह बाजार में सोमवार को दुर्गा पूजा कमेटी को लेकर पुरानी और नई टीम के बीच विवाद हिंसक हो उठा। आरोप है कि पुरानी कमेटी के सचिव रमेश यादव और अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने नई कमेटी के सदस्यों पर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग श्याम बिहारी यादव, राहुल मुखी और रंजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कई अन्य को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
नई कमेटी का आरोप है कि पुरानी कमेटी ने पिछले साल पूजा के दौरान चंदे और खर्च में हेराफेरी की थी। इसी वजह से बाजार समिति ने पुरानी कमेटी को हटाकर नई कमेटी का गठन किया। सोमवार को भूमि पूजन के बाद नई कमेटी की बैठक चल रही थी, तभी पुरानी कमेटी के समर्थक वहां पहुंचे और हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।
