द फॉलोअप डेस्क
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि घाटशिला में प्रस्तावित उप निर्वाचन को देखते हुए मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो पात्र मतदाता अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे समय रहते अपना नाम अवश्य जुड़वा लें। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है "एक भी मतदाता छूटे नहीं" इसे सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
वे पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बात कर रहे थे। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि उप निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सभी चेकपोस्टों की पहचान कर ली जाए, सीमावर्ती क्षेत्रों में समन्वय स्थापित करते हुए अतिरिक्त चेकपोस्ट भी चिन्हित किए जाएं। साथ ही, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वाड टीम) और अन्य निर्वाचन संबंधी कोषांगों के गठन के लिए आवश्यक सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को एक्टिव मोड में कार्य करने और मतदान केंद्रों पर मौजूद सुविधाओं का भौतिक निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने मतदाता जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने और मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक के बाद उन्होंने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती मतदान केंद्र संख्या 189, प्राथमिक विद्यालय खेजुरदाडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची की स्थिति और मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंच बनाकर सभी आवश्यक फॉर्म संकलित कर रही हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बीएलओ मतदाता सूची से प्रत्येक व्यक्ति का मिलान करें, नए मतदाताओं को जोड़ें और अनुपस्थित या मृत मतदाताओं की सूची भी तैयार करें। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता, घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ एवं एईआरओ, डीएसपी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
