logo

लोहरदगा  : पलायन,ह्यूमन ट्रैफिकिंग के लेकर CM गंभीर, अधिकारियों से कहा- तेजी से लागू करें योजनाएं

lohardagga_3.jpg

लोहरदगा:
सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) की खतियान जोहार यात्रा (Khatian Johar Tour) आज लोहरदगा में थी। इस दौरान जिला परिषद परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोहरदगा एवं गुमला जिले की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जिलों में पलायन, ह्यूमन ट्रैफिकिंग की समस्या को गंभीरता (serious of the problem of migration, human trafficking) से लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि राज्य में सबसे ज्यादा पलायन इन्हीं दोनों जिले से होता है। जिले से पलायन का कारण भूख है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं को गति देने की आवश्यकता है। राज्य सरकार ने ऐसी ही योजनाओं का एक पैकेज बनाया है। यहां के लोगों द्वारा अपनायी जा सकनेवाली योजनाओं को यहां लागू कराने का कार्य किया है। अधिकारी भी इसमें और गति लाएं।


 

संतोषजनक नहीं है परफॉर्मेंस 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन मामले ने दोनों जिलों की स्थिति संतोषजनक नहीं है । योजनाओं से लाभुकों को जोड़ने की गति काफी धीमी है, जबकि ये योजनायें सरकार की विशेष प्राथमिकताओं में  शामिल हैं। ऐसे में इन योजनाओं को लेकर जो भी लंबित आवेदन मिले हैं उसका यथाशीघ्र सत्यापन करें , ताकि लाभुकों को उसका अधिकार मिल सके । जो जरूरतमंद अब तक की इन योजनाओं से वंचित है उन्हें भी  मिशन मोड में अभियान चलाकर योजनाओं का लाभ  देने का काम करें।

 सजग होकर कार्य करें अधिकारी 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आप जनता के प्रति जवाबदेह हैं । ऐसे में सजग होकर कार्य करें । हमारी कोई मंशा नहीं है कि आपके खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई हो । हमारी सरकार में आप को काम करने की पूरी छूट है । आप बिना किसी डर और भय के अपने दायित्वों का निर्वहन करें और आम जनता के उम्मीदों पर खरा उतरें।

अवैध माइनिंग करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करें 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों जिलों से अवैध खनन को लेकर कई शिकायतें मिल रही हैं । ऐसे में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करें । इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उग्रवाद और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कांडों का अनुसंधान और निष्पादन तेजी से करें। अगर कहीं अपराध बढ़ता है तो संबंधित थाने के अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी।
 

मुख्य सचिव ने दोनों जिलों के अधिकारियों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी 

मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह ने सरकार की ड्रीम प्रोजेक्ट से जुड़ी योजनाओं की संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर दोनों जिलों के अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी का इन योजनाओं पर सबसे ज्यादा जोर है। लेकिन, इन योजनाओं के क्रियान्वयन में भी आपके द्वारा लापरवाही बढ़ती जा रही है । जो लक्ष्य निर्धारित है, उसके विपरीत उपलब्धियां नगण्य हैं। सिर्फ आंकड़ों में बात करने से काम नहीं चलेगा। हकीकत में लाभुकों को इन योजनाओं से जोड़ने की पहल में शिथिलता बरती जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि 15 दिनों के अंदर फोकस वाली योजनाओं के सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें , वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

 अपराध को नियंत्रित करें वरना कार्रवाई को तैयार रहें 

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री नीरज सिन्हा ने लोहरदगा  और गुमला जिले में उग्रवाद और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म और हत्या जैसी घटनाएं बढ़ रही है। आपराधिक कांडों के अनुसंधान में विलंब हो रहा है। आपराधिक मामलों का जितना निष्पादन हो रहा है उससे तेज गति से आपराधिक घटनाएं थानों में हो रही हैं। वारंटो और कुर्की जब्ती के मामले में भी शिथिलता बरती जा रही है  उन्होंने कहा कि यह पुलिस की नाकामी को दर्शाता है । उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि अपराध को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाएं, वरना कार्रवाई को तैयार रहें । जिस थाना क्षेत्र में अपराधिक घटनाएं बढ़ेगी, वहां के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी
समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ कामों को पूरा करने का निर्देश
समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बैठक में जो कमियां पाई गई हैं उन्हें ठीक करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ कामों को पूरा करने को कहा गया है। काम नहीं होने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। अफसरों को कह दिया गया है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम अभी चला था। इसमें भी काफी काम हुआ है। इसकी समीक्षा की गई। कई जगह बेहतर काम हुआ है लेकिन कुछ जगह उदासीनता ही पाई गई है, जिसे सुधार करने को कहा गया है।


ये लोग रहे मौजूद
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक को लेकर राज्य और दोनों जिलों के आला अधिकारी सुबह से ही पहुंचने लगे थे। सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था।इस मौके पर राज्य के मंत्री सत्यानंद भोक्ता , राज्य सभा सांसद धीरज प्रसाद साहु, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा सहित सभी विभागों के सचिव मौजूद थे।