logo

Budget Session 2022 : राजस्व के लिए इस फॉर्मूले पर काम किया को केंद्र से नहीं मांगनी पड़ेगी भीख: मुख्यमंत्री

hemantsoren6.jpg

रांची: 

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र जारी है। बुधवार को सदन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संबोधन हुआ। मुख्यमंत्री इस दौरान विपक्ष पर जमकर बरसे। तीखा व्यंग्य किया। कटाक्ष किया। मुख्यमंत्री ने केंद्र पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। सीएम ने कहा कि हमने पीडब्ल्यूडी विभाग से महज 2 महीने में 150 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया। 

राज्य में राजस्व वसूली में अपेक्षित सुधार! 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में राजस्व की वसूली में सुधार हुआ है। ये आज तक नहीं हुआ था। कोरोना महामारी के बाद इसे ठीक किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य में राजस्व इकट्ठा करना घड़ियालों के जबड़े से खाना छीनने जैसा है। चाहे वो कोल इंडिया हो या अन्य कंपनी। वन विभाग में सेस लगाकर करोड़ों का राजस्व मिला। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस फॉर्मूले में आगामी 10 वर्ष तक काम किया तो केंद्र से भीख मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 

विपक्ष के पास सोशल मीडिया का स्पीकर है! 
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इनके पास सोशल मीडिया का स्पीकर है। न्यूज चैनल का स्पीकर है। इनको लगता है कि ये लोग कुछ भी कर सकते हैं। सब दिन एक जैसा नहीं चलता है। सीएम ने कहा कि आपकी चोरी पकड़ने के लिए लोग बैठे हैं। हमारी कार्ययोजना की नकल दूसरे राज्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम दावा नहीं करते कि सब अच्छा ही हुआ है लेकिन अच्छे को अच्छा और बुरे को बुरा कहना चाहिए। 

आयुष्मान भारत योजना पर पीएम का गलत बयान! 
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री पर आयुष्मान भारत योजना को लेकर गलतबयानी करने का आरोप लगाया। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि पीएम योजना को लेकर गलत बात करते हैं। राज्य सरकार की 40 फीसदी राशि आयुष्मान भारत योजना में लगती है। सीएम ने कहा कि पूरे कोरोना काल के दौरान केंद्र सरकार ने झारखंड से सौतेला व्यवहार किया।