logo

आज दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम, 7.33 लाख महिलाओं के खाते में खटाखट गिरेंगे पैसे

दुमका3.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज दुमका दौरे पर रहेंगे। वे वहां संथाल परगना प्रमंडलस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों के बीच राशि का वितरण करेंगे। यह कार्यक्रम जामा प्रखंड के कमारदुधानी स्टेडियम के पास पांजनपहाड़ी गांव में आयोजित किया जाएगा। यहां से संताल परगना की 7.33 लाख महिलाओं के खाते में 73,29,06,000 रुपए भेजेंगे ।

दुमका के उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने कार्यक्रम में ड्यूटी में तैनात पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को उनके दायित्व और जिम्मेदारी से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची से वायुमार्ग से लगभग 12.30 बजे दुमका पहुंचेंगे। जिसके बाद वे कार्यक्रम स्थल पर लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान करेंगें और अगस्त माह की राशि का ऑनलाईन भुगतान करेंगे। इसके बाद वे दुमका राजभवन लौटेंगे और फिर 3.45 बजे रांची के लिए वायुमार्ग से प्रस्थान कर जाएंगे। 

इस कार्यक्रम में दुमका जिला के साथ-साथ संथाल परगना के पांच जिलों के लाभुकों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किया जाएगा और उनके खाते में राशि हस्तांतरित की जाएगी। बता दें कि इससे पहले पाकुड़, पलामू और हजारीबाग में भी इस योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके है।

Tags - मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना दुमका Chief Minister Hemant Soren Chief Minister Mainiyan Samman Yojana Dumka