द फॉलोअप डेस्क
अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के होल्डिंग टैक्स में नगर निगम द्वारा की गई अप्रत्याशित वृद्धि से हो रही परेशानियों से अब राहत मिलेगी। संपूर्ण मामले की जांच कर मामले के निष्पादन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सकारात्मक कदम उठाने के निर्देश की मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विधानसभा में स्थित उनके कक्ष में मुलाकात की। उनके द्वारा दिए गए निर्देश के लिए आभार जताया। नेहा ने कहा कि रांची नगर निगम द्वारा रांची जिले के अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के होल्डिंग टैक्स में कई गुना वृद्धि कर दी गई थी जो पूरी तरीके से अप्रत्याशित और अव्यावहारिक थी। जबकि, अनेक अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान काफी कम शुल्क में अपने छात्र छात्राओं को पढ़ाते हैं। इस संदर्भ में उन्होंने अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विधानसभा स्थित उनके कक्ष में मुलाकात की थी।

प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं से कराया था अवगत
सीएम को अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से भेंट करवाकर उन्हें मूल समस्याओं और उसके व्यावहारिक पहलू से अवगत कराया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कदम उठाते हुए विभागीय सचिव को निर्देश दिया था कि वे प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत बातचीत कर इस मामले का समाधान निकालें। नेहा तिर्की ने कहा कि मुख्यमंत्री का कदम बहुत ही सराहनीय और प्रशंसनीय रहा और इससे अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थाओं को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से फादर डेविड खलखो, फादर प्रफुल बडा, फादर विनय टोप्पो, फादर डेविड सन्तान, पादरी सामवेल नाग, पादरी सामवेल भुइयां, फिलिप तिर्की, धनकुबर बाखला, किरण आइन्द, संजय हलधर और राजकुमार नागवंशी शामिल थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT