logo

रांची के 56 उपकेंद्रों में सिविल सेवा (प्रा०) परीक्षा- 2023 संपन्न, 26054 में महज 14409 परीक्षार्थी हुए शामिल

0730.jpg

द फॉलोअप डेस्क
संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रा०) परीक्षा, 2023 रविवार को संपन्न हुआ। परीक्षा को लेकर झारखंड के एक मात्र केंद्र रांची में 56 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पालियों में (प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली 2:30 बजे अपराह्न से 4:30 बजे अपराह्न तक) संपन्न हुई परीक्षा कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। एतदर्थ आयोग द्वारा दिये गये निदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए मुकम्मल व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक स्थानीय निरीक्षी पदाधिकारी, एक-एक सहायक पर्यवेक्षक, एक-एक मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को कराया गया प्रवेश
परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण ले जाना वर्जित था। इसे सुनिश्चित करने के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा क्रमशः महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों की जांच करने के बाद ही परीक्षा उपकेंद्र में प्रवेश करने दिया गया। वहीं, उनके निजी सामानों को रखने का उचित प्रबंध किया गया था। बताते चलें कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आयोग ने तीन वरीय पदाधिकारियों अबुबकर सिद्दीकी, प्रशांत कुमार एवं जितेंद्र कुमार सिंह को प्रेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया था। इनके अलावा आयोग द्वारा दो निरीक्षी पदाधिकारी नीरज कुमार, उप सचिव एवं डीकेमीणा, अवर सचिव को भी प्रतिनियुक्ति किया गया था। वहीं, परीक्षा के सफल संचालन के लिए समन्वयी पर्यवेक्षक के रूप में नामित अमिताभ कौशल ( सचिव, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग) द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए परीक्षा के आयोजन हेतु प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षकों, स्थानीय निरीक्षी पदाधिकारियों, सहायक समन्वयी पर्यवेक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ दिनांक 22.05.2023 एवं 26.05.2023 को बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया था।

11645 परीक्षार्थी परीक्षा में नहीं हुए शामिल
संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रा०) परीक्षा, 2023 के लिए झारखंड के रांची को एकमात्र केंद्र बनाया गया था। यहां कुल 26054 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। लेकिन महज 14409 परीक्षार्थी ही प्रथम पाली में शामिल हुए। मतलब 11645 परीक्षार्थी परीक्षा से दूर रहे। वहीं, दूसरी पाली में 14,304 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। यह संख्या पहली पाली में शामिल हुए अभ्यर्थियों में 105 कम है। मतलब दूसरी पाली में 11750 परीक्षार्थी शामिल नहीं हुए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N