रांची:
राजधानी रांची में दिवाली की रात बस में आग लगने से बस के ड्राइवर और खलासी की मौत हो गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने दुख जताया है। सीएम ने ट्वीट के माध्यम से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

सीएम ने जताया शोक
सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में बस में आग लगने से ड्राइवर और खलासी की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

ड्राइवर और खलासी की मौत
बता दें कि रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। यहां खड़ी एक बस में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौत गई। बताया जा रहा है कि पूजा के बाद दोनों बस के अंदर दीया जलाकर सो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल दोनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की वाहन मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।