द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी बजरंग महतो की की जीत सुनिश्चित हो, इसके लिए यूपीए की बैठक बुधवार को हुई। सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में उपचुनाव में लगातार पांचवीं जीत दर्ज करने के लिए एक बेहतर रणनीति बनाई गई। कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस बैठक में सीएम ने यूपीए के आला नेताओं से रामगढ़ उपचुनाव के सियासी समीकरण के मद्देनजर बिंदुवार चर्चा की। साथ ही पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया। उन्होंने गठबंधन के सभी नेताओं को एकजुटता दिखाते हुए एक बार फिर उपचुनाव में जीत का परचम लहराने का मंत्र दिया। मौके पर गठबंधन के प्रत्याशी बजरंग महतो ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रचार-प्रसार से लेकर अन्य मुख्य बिंदुओं चर्चा की।

बूथ स्तर तक लगाएं अपना दमखम
रामगढ़ विधानसभा के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे कार्यकर्ताओं से सीएम हेमंत ने कहा कि वे उपचुनाव में विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार रहें। सभी कार्यकर्ता एकजुट रहें। बूथ स्तर तक गठबंधन के प्रत्याशी की जीत के लिए अपना दमखम लगाएं। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सह राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद पांडेय, फागु बेसरा, पूर्व विधायक योगेंद्र महतो, सुप्रियो भट्टाचार्य, अभिषेक प्रसाद "पिंटू", संजीव बेदिया, कांग्रेस नेता शहजादा अनवर, केशव महतो कमलेश, राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, झामुमो के रामगढ़ जिलाध्यक्ष विनोद किस्कू, जिला सचिव विनोद महतो सहित पार्टी के अन्य नेता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बजरंग महतो पर कांग्रेस ने लगाया है दांव
रामगढ़ विधानसभा में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस ने बजरंग महतो पर दांव लगाया है। ये पूर्व विधायक ममता देवी के पति हैं। दरअसल पूर्व रामगढ़ विधायक ममता देवी को एमपी-एमएलए कोर्ट ने गोला गोलीकांड मामले में दोषी करार दिया था। सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता रद्द हो गई। इस चुनाव में जहां सत्ता पक्ष सहानुभूति का लाभ उठाने के लिए पूर्व विधायक के पति को ही उम्मीदवार बनाया है। वहीं, एनडीए के घटक दल आजसू की ओर से सुनीता चौधरी चुनावी मैदान में हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT