रांची:
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के अंतिम दर्शन के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) सैफई पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से मुलाकात कर शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। बता दें कि सीएम के साथ मंत्री बन्ना गुप्ता भी सैफई पहुंचे हैं।

10 अक्टूबर को हुआ निधन
बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन 10 अक्टूबर को हुआ। उन्होंने 82 साल की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह 8:16 बजे आखिरी सांस ली। मुलायम सिंह यादव को 22 अगस्त को सांस लेने में तकलीफ और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालांकि उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था और 1 अक्टूबर की रात को ICU में शिफ्ट किया गया था, जहां एक डॉक्टरो का पैनल उनका इलाज कर रहा था।