रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) झारखंड राज्य स्थापना दिवस (Jharkhand State Foundation Day) की तैयारियों का जायजा लेने आज रांची के मोरहाबादी मैदान (Morhabadi Ground) पहुंचे। इस दौरान सीएम ने तैयारियों की तमाम बिंदुओं पर पदाधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कहा कि मुख्य समारोह कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले अतिथि एवं आमजनों के लिए बैठने की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही आगंतुकों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों के बायीं तथा दायीं दोनों ओर एलईडी स्क्रीन लगाया जाए।

आमजनों को किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसका रखे ध्यान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य मंच के बैकग्राउंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का आदमकद तस्वीर लगाएं। गाड़ियों की पार्किंग की भी व्यवस्था को दुरुस्त रखें। आमजनों को किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े इसका पूरा ध्यान रखें। विधि व्यवस्था का संधारण चुस्त-दुरुस्त रहे यह सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता तैयारी की जाएं। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12:30 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों एवं आमजनों के लिए बैठने की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण सभी जिलों में लगी एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। मुख्य समारोह कार्यक्रम से सभी जिले जुड़े रहेंगे।

ये लोग रहें मौजूद
मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव अमिताभ कौशल, सचिव प्रशांत कुमार, उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।