रांची:
पहले चरण की सफलता के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की खतियानी जोहार यात्रा आज से फिर शुरू होने जा रहा है। मंगलवार यानी आज से दूसरे चरण की शुरुआत होने जा रही है। सीएम की यात्रा कोडरमा से शुरू हो रही है। इसे लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई है। सीएम की आगमन को लेकर प्रशासन भी काफी गंभीर और सजग है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हेलीकॉप्टर कोडरमा के जेजे कॉलेज में उतरेगा। यहां से सीएम सड़क मार्ग से कोडरमा के बागीटांड़ स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वह लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद सीएम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

बैनर पोस्टर और कटआउट से पटा शहर
कोडरमा के बागीटांड़ स्टेडियम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खतियानी जोहार यात्रा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।सीएम के कार्यक्रम को लेकर यहां एक बड़ा स्टेज बनाया गया है। भव्य पंडाल का निर्माण भी किया गया है। जहां करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके अलावा पूरे शहर में बैनर पोस्टर और कटआउट से पटा दिया गया है। शहर के कई जगहों पर तोरण द्वार का निर्माण कराया गया है। वहीं हेमंत सोरेन के कार्यक्रम को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं-नेताओं में काफी उत्साह है। पार्टी की ओर से भी सीएम की आने को लेकर जोरों-सोरों से तैयारियों की जा रही है।

राजनीतिक विरोधियों को देंगे जवाब
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खतियानी जोहार यात्रा के दौरान विपक्षी दलों पर हमलावर होंगे। वे नीतिगत विषयों पर लिए गए निर्णय के अलावा कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में किए गए प्रयासों का जिक्र करेंगे। वे दौरे के क्रम में संबंधित जिलों में औचक निरीक्षण भी करेंगे। उत्कृष्ट विद्यालय, माडल स्कूल समेत अन्य सरकारी विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों, समेत मूलभूत सुविधाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लेंगे।

अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा
कोडरमा आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई है। कोडरमा के डीसी आदित्य रंजन ने इस बारे में पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की और कार्यक्रम का के रूपरेखा तैयार किया। खतियानी जोहर यात्रा के बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस दौरान वह सरकार का विजन अधिकारियों को बताएंगे। बैठक के बाद सीएम हेमंत सोरेन सर्किट हाउस में लंच करेंगे। कोडरमा में लंच के बाद मुख्यमंत्री का काफिला गिरिडीह के लिए रवाना हो जाएगा। बता दें कि 18 जनवरी को गिरिडीह में सीएम हेमंत सोरेन की जोहार यात्रा है। इसके बाद 23 को सिमडेगा, 24 को चाईबासा, 30 को सरायकेला-खरसावां और 31 जनवरी को जमशेदपुर में यात्रा से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।