द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में झारनियोजन पोर्टल का शुभारंभ कल 17 मार्च को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। दिन के 4 बजे झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में पोर्टल का शुभारंभ करने का कार्यक्रम निर्धारित है। श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवम् कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा बनाए गए jharniyojan.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से सरकार नियोक्ता एवम् रोजगार ढूंढ रहे अभ्यर्थियों को एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। इस पोर्टल पर नियोक्ता अपने व्यवसाय एवम् उससे संबंधित मानव बल के बारे में जानकारी साझा कर सकते हैं। इसके अलावा आवश्यक मानव बल हेतु रिक्तियां भी निकाल सकेंगे। वहीं रोजगार के लिए इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित रोजगार के लिए खुद को रजिस्टर कर अपना आवेदन भी भर सकेंगे।

निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत हो स्थानीय भागीदारी
राज्य के युवाओं के हित में सभी नियोक्ताओं से सरकार की अपेक्षा है कि वे राज्य के प्रति अपने सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए स्वेच्छा से झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र के रोजगार में 75% स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021 का अनुपालन करें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT