द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अफसरों की पोस्टिंग राज्य को लूटने के लिए करते हैं। सीएम को उस लूट से हिस्सा भी मिलता है। ये बातें सोमवार को विधानसभा के बाहर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कही। उन्होंने कहा कि अगर गलती से कोई भ्रष्ट अफसर पकड़ाता है तो मुख्यमंत्री उसे बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देते हैं। बाबूलाल ने कहा कि सीएम ने पूजा सिंघल पर करप्शन एक्ट के तहत कार्रवाई करने की फाइल को रोख रखी है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर वे एफआईआर की अनुमति क्यों नहीं दे रहे हैं।

दरोगा की पहुंच सीएम हाउस तक
बाबूलाल ने कहा कि इंजीनियर बीरेंद्र राम पकड़ा गया है। उसके मामले में भी एसीबी ने जांच की अनुमति सरकार से मांगी थी। इस पर भी मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री ने क्यों अनुमति नहीं दी। उन्होंने यह भी कहा कि तुपुदाना में चार्जशीटेड दरोगा मीरा सिंह को पदस्थापित किया गया है। उस दारोगा की पहुंच सीएम हाउस तक है।अपराधियों को छूट देकर उनसे वसूले गए धन को सीएम हाउस तक पहुंचाने का आरोप बाबूलाल ने लगाया है।

राज्य में अपराध का बढ़ा ग्राफ : सुदेश महतो
रामगढ़ में हुए कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के प्रतिनिधि की हत्या को लेकर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने भी सरकार पर हमला किया। विधानसभा के बाहर उन्होंने कहा कि जिस रूप से घटनाएं घट रही हैं, यह सरकार की जवाबदेही है। सुदेश ने कहा कि सिर्फ विधानसभा के अंदर और कागज के पन्नों में जीरो टोलरेंस की बात हो रही है। रामगढ़ में इससे पहले भी एक आजसू कार्यकर्ता की हत्या हुई थी। इससे साफ है कि राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रांची का मेन रोड तक इससे सुरक्षित नहीं है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT