द फॉलोअप डेस्क
डाल्टेनगंज के पांकी में हुई आगजनी, तोड़फोड़ एवं सांप्रदायिक तनाव की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंतनीय है। ऐसी घटनाओं से न सिर्फ झारखंड का शांतिपूर्ण माहौल बल्कि इस प्रदेश की छवि भी प्रभावित होती है। निवेशकों में गलत संदेश जाता है। यह बातें झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कही। उन्होंने सरकार से अपील की है कि वह इस मामले में सभी दोषी पक्षों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे। बंधु ने कहा कि झारखंड को पूरे देश में आपसी सद्भाव के लिए जाना जाता है। यह वैसा प्रदेश है जहां तनाव की कम-से-कम घटनाएं होती हैं। ऐसी घटनाओं को हरहाल में रोका जाना चाहिए।

… तो भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोक सकते हैं
पांकी की घटना के सन्दर्भ में बंधु ने कहा कि प्रशासन को ना केवल दोषी तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिये बल्कि अपना आंकलन भी करना चाहिए। अगर कारणों पर पकड़ मजबूत हो और जिम्मेदार तत्वों और कारण को पहचान लिया जाए तो भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोका जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी के लंबे शासनकाल के बाद पिछले 3 साल में झारखंड में वातावरण बदला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार सकारात्मक दिशा में तेजी से काम कर रही है। यह वैसे तत्वों को नहीं पच रहा है जो झारखंड का अहित चाहते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT