रांची:
झारखंड क्रांगेस के 7 नेताओं के खिलाफ शोकॉज जारी किया गया है। अनुशासन हीनता को लेकर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने इनपर कार्रवाई की है।इनमें आलोक दुबे, राजेश गुप्ता, साधुशरण गोप, राकेश तिवारी, अनिल ओझा, सुनील सिंह और लाल किशोर नाथ शहदेव शामिल हैं। इन सभी से 14 दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है।

प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दिया था बयान
बता दें कि सोमवार को राजकीय अतिथिशाला में विक्षुब्ध खेमे की हुई बैठक और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दिए गए बयान को केंद्रीय संगठन ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश प्रभारी ने पार्टी विरोधी बैठकों के बारे में जानकारी मांगी थी, जो उन्हें भेज दी गई है। ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि उन पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संगठन विचार कर रहा है, जो राजकीय अतिथिशाला में हुई बैठक में शामिल थे तथा जिन्होंने मीडिया को पार्टी विरोधी बयान दिया।

संगठन को कमजोर करने के लिए बयानबाजी
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सत्यनारायण सिंह ने मंगलवार को जारी बयान में कहा है कि पार्टी के कतिपय नेता स्वार्थवश विपक्षी दल के इशारे पर संगठन को कमजोर करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के विरोध में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।