रामगढ़:
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव (Ramgarh assembly by-election) की तिथि चुनाव आयोग ने घोषित कर दिया है। इसके साथ ही चुनाव की तैयारी को लेकर सभी पार्टी जुट गई है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर (Rajesh Thakur) की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में एक बैठक हुई। इस आशय की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि आगामी विधानसभा उपचुनाव की पूरी तैयारी और मजबूती के साथ लड़ने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मिति यह निर्णय लिया गया कि रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर कंट्रोल रूम की स्थापना, पंचायत के कलष्टर को सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र में नेताओं को जिम्मेवारी दी जाएगी।

पहले से ही कांग्रेस चला रही संगठन सशक्तिकरण अभियान
ज्ञात हो कि कांग्रेस पार्टी पहले से ही संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत प्रखंड, मंडल औऱ बूथ स्तर की कमिटियों का गठन की जा चुकी है। पूरे चुनाव अभियान की देखरेख को लेकर प्रदेश से लेकर जिला पदाधिकारियों की नियुक्ति चुनाव तक संबंद्ध क्षेत्रों में की जाएगी। इसको लेकर रूप-रेखा बनायी जा रही है। साथ ही साथ प्रचार-प्रसार और मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पार्टी पहुंचेगी।
संकट की इस घड़ी में पूरी पार्टी ममता देवी के साथ खड़ी
इस मौके पर उपस्थित मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि ममता देवी जनआंदोलन के केस में जेल में हैं। विगत डबल इंजन की भाजपानीत सरकार के कार्यकाल में जनहित में किये गये आंदोलन में साजिश के तहत उन्हें फंसाकर इस प्रकार की सजा करवाई गई है। रामगढ़ की जनता की सच्चाई से भली-भांति अवगत है। जनता ने विगत विधानसभा चुनाव में ममता देवी के इसी जुझारू छवि एवं जनमुद्दों को लेकर सदैव सजग रहने के कारण अपना प्रतिनिधि चुनने का काम किया था। आज संकट की इस घड़ी में पूरी पार्टी ममता देवी के साथ खड़ी है। इस बात का प्रस्ताव पारित कर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में निर्णय लिया गया था। इस विधानसभा उपचुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी और महागठबंधन की बड़ी जीत हासिल होगी। लोकतंत्र विरोधी साजिशों और षड़यंत्रों को रामगढ़ की जनता करारा जवाब देगी।

जल्द होगा उम्मीदवार घोषित
राजेश ठाकुर ने कहा कि बहुत जल्द कांग्रेस पार्टी चर्चा कर अपना उम्मीदवार भी घोषित करेगी। पार्टी इस चुनाव को लेकर पहले से ही संजिदा है। यही कारण है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी का रामगढ़ दौरा भी हो चुका है। पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी की बैठक रामगढ़ में संपन्न हुई थी।