logo

सियासी सरगर्मी पर JMM से बोली कांग्रेस, हम साथ–साथ हैं

ुहतोस.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बुधवार को विधायक दल के साथ बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा झामुमो के साथ गठबंधन पांच सालों के लिए है। यह गठबंधन हम अच्छे से निभाएंगे। दावा किया कि गठबंधन की सरकार पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा करेगी। हम साथ हैं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 17 में से 15 विधायक मौजूद रहे। सभी से एक-एक करके प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने बातचीत की और उनकी बातों को भी सुना और शिकायतें भी सुनीं। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायकों का साथ सरकार को आगे भी मिलता रहेगा। 


गैर-भाजपा शासित राज्यों में होती है ईडी की कार्रवाई
मीर ने कहा कि झारखंड में संगठन तमाम निर्णयों का समय पर अनुपालन कराने में सफल हो रहा है। धीरे-धीरे स्थितियां अनुकूल हो रही हैं। प्रदेश में ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जहां भी गैर-भाजपा दलों की सरकार है, वहां केंद्रीय एजेंसियों की ऐसी ही गतिविधियां नियमित होती रहती हैं। इस क्रम में उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा से लेकर छगन भुजबल तक के मामलों को उठाया। 


झारखंड में 90 प्रतिशत तैयारियां पूरी
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अभी न्याय मार्च पर निकलने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान उनका झारखंड आने का भी कार्यक्रम है। इसको लेकर कई नेताओं के सुझाव मिले हैं कि अमुक रास्ते से राहुल गांधी को लेकर आगे बढ़ा जाए। मीर ने कहा कि झारखंड के लिए जो तिथियां निर्धारित होंगी उसी में कुछ संशोधन करके रूट चार्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा। मीर ने कहा कि उनका मानना है कि झारखंड की टीम ने निर्धारित तैयारियों को पूरा कर लिया है। 90 प्रतिशत तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। हम उन गड़बड़ियों को भी सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, जो राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव में कांग्रेस की हार का कारण माने गए।