logo

PM नरेंद्र मोदी के ट्वीट को कांग्रेस नेताओं ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कही ये बड़ी बात... 

cong3.jpeg

रांची 
कांग्रेस के सांसद धीरज साहू के ठिकानों से मिले कैश पर PM नरेंद्र मोदी के ट्वीट को प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। पार्टी के आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने इसकी आलोचान की है। कहा कि PM के प्रधानमंत्री के ट्वीट के बाद बीजेपी नेताओं में सनसनी फैलाने और बयानबाजी की होड़ मच गई है। देश के हजारों करोड़ों रुपए लेकर बड़े-बड़े व्यापारी इस देश से लेकर फरार हो गए। उनको लेकर PM मोदी ने आज तक ट्वीट नहीं किया। आलोक कुमार दुबे ने कहा कि BJP प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इसके तार सोनिया गांधी, राहुल गांधी, हेमन्त सोरेन से तक से जोड़ दिये। इससे बीजेपी नेता की जानकारी का पता चलता है।  

नहीं आया है आइटी का बयान 
कहा कि अब तक पूरे प्रकरण में आइटी की ओर से कोई बयान नहीं आया है। धीरज प्रसाद साहू या उनके परिवार के किसी सदस्य ने भी अभी तक कुछ नहीं कहा है। ऐसे में BJP की ओर से सनसनी फैलायी जा रहा है कि पैसा गिनने की मशीन खराब हो गई। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में सरकार गिराने की साजिश के पैसे थे। कोई कह रहा है कि गिरफ्तारी होनी चाहिए। कोई नेता कह रहा है यह पैसा हेमन्त सोरेन और राहुल गांधी का है। BJP नेताओं को धैर्य रखना चाहिए। उनको सच्चाई आने का इंतजार करना चाहिए। आलोक दुबे ने कहा कि धीरज प्रसाद साहू का परिवार प्रतिष्ठित परिवार है। इनके पिताजी स्व बलदेव प्रसाद साहू स्वतंत्रता आन्दोलनकारी थे। आन्दोलन को आर्थिक सहायता भी करते थे। 

पैसा रखने के तरीके पर सवाल उठाया जा सकता है

वहीं, कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा पैसा रखने के तरीके पर सवाल उठाया जा सकता है। लेकिन पैसा अवैध है, गलत है, डकैती की गई है, जैसा हवाला देना गलत है। एजेंसियां जांच करें, सच्चाई सामने आए, किसी को इससे इनकार नहीं हो सकता है। लेकिन सिर्फ ये कहना कि ये परिवार कांग्रेसी है। कांग्रेस के सांसद हैं, इसलिए बदनाम करना गलत है। कहा कि प्रधानमंत्री के ट्वीट ने पूरे BJP और देश की गोदी मीडिया को एक अवसर प्रदान कर दिया है। डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह आरोप कि सरकार खरीदने और बेचने का साजिश है, गलत है। पूरा देश जानता है कि सरकार खरीदने और बेचने में किसको महारत हासिल है। जब से BJP की सरकार देश में आई है, सब जानते हैं कि जनादेश किसी को भी मिले, सरकार BJP की ही बनेगी। गोवा, मध्य प्रदेश,  मणिपुर, महाराष्ट्र इसके उदाहरण हैं। साहू परिवार का देश और राज्य में एक सकारात्मक योगदान रहा है। ऐसे परिवार का चरित्र हनन किया जाना उचित नहीं है।