logo

BJP में जाने की बात कोरी अफवाह, कांग्रेस में हूं और सब ऑल-इज-वेल है; कयासों पर गीता कोड़ा का जवाब

a345.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड (Jharkhand) में कांग्रेस की सांसद गीता कोड़ा (Geeta Kora) ने बीजेपी (Jharkhand BJP) में जाने की अटकलों को खारिज किया है। महीने से जारी भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन करने की खबरों पर विराम लगाते हुए सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रही हूं। फिलहाल सबकुछ ऑल इज वेल है। उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर रही हूं, यह खबरें कहां से फैली मेरी समझ से परे है। गीता कोड़ा ने कहा कि मुझे पार्टी ने सबकुछ दिया। हालिया कांग्रेस विधायक दल की बैठक और नए प्रभारी अहमद मीर के स्वागत में नहीं पहुंचने की वजह उन्होंने पारिवारिक समस्याओं को बताया है। उन्होंने कहा कि मैंने प्रभारी को नहीं आने की वजह स्पष्ट कर दी थी। गीता कोडा ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रही हूं। कांग्रेस पार्टी में ही हूं। बता दें कि झारखंड में गीता कोड़ा कांग्रेस की एकमात्र सांसद हैं।

2 जनवरी को बैठकों में शामिल नहीं हुई थीं गीता कोड़ा
गौरतलब है कि 2 जनवरी को झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने अपने पहले रांची दौरे पर पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ अहम मीटिंग की थी। विधायकों के साथ 3 जनवरी को बैठक हुई जिसमें कार्यकारी अध्यक्ष भी शामिल हुए थे। पार्टी के पदाधिकारियों को आगामी लोकसभा चुनाव और राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कई जिम्मेदारियां सौंपी गई थी। हालांकि, गीड़ा कोड़ा इन बैठकों में नदारद रहीं। इससे उन कयासों को बल मिला जिसमें उनकी बीजेपी में जाने के अटकलों को बल मिला था। हालांकि, अब गीता कोड़ा ने अटकलों पर विराम लगा दिया है। 

गृहमंत्री अमित शाह ने किया था चाईबासा का दौरा
बता दें कि झारखंड में चाईबासा और राजमहल लोकसभा सीटों पर जीत का गुरुमंत्र देने पिछले साल गृहमंत्री अमित शाह ने चाईबासा का दौरा किया था। जनवरी 2023 में गृहमंत्री के दौरे के बाद ही झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और उनकी पत्नी गीता कोड़ा के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की चर्चा जोड़ पकड़ने लगी थी। 1 साल तक कयासों का दौर चला। पिछले दिनों जब प्रभारी के रांची दौरे के मौके पर गीता कोड़ा नहीं आईं तो कयासों को और बल मिला। हालांकि, उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। 

झारखंड में लोकसभा सीटों के बंटवारे पर शुरू हुई चर्चा
झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटें हैं। इनमें से 11 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं। गिरिडीह लोकसभा सीट से आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी सांसद हैं। राजमहल लोकसभा सीट में झारखंड मुक्ति मोर्चा के विजय हांसदा सांसद हैं वहीं चाईबासा से गीता कोड़ा सांसद हैं। झारखंड में यही एकमात्र सीट कांग्रेस के खाते में है। अब लोकसभा चुनावों के ऐलान में कुछ ही महीनों का वक्त बचा है। ऐसे में झारखंड में सभी दलों में सीट बंटवारे पर भी सुगबुगाहट शुरू हो गई है।