logo

झारखंड के सभी प्रखंडों में राष्ट्रीयकृत बैंक-एलआईसी कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

065.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के सभी प्रखंडों में राष्ट्रीयकृत बैंक या एलआईसी के कार्यालय के समक्ष कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। दरअसल अडाणी के पक्ष में भाजपा की मोदी सरकार की घोर पूंजीवाद (क्रोनी कैपिटलिज्म) की नीति के खिलाफ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रदर्शन करने का निर्देश दिया है। इसके तहत 06 मार्च 2023 को प्रदेश के सभी प्रखंडों में राष्ट्रीयकृत बैंक या एलआईसी के कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

13 मार्च को चलो राजभवन
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि आगामी 13 मार्च को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्य की राजधानी रांची में ‘‘चलो राजभवन’’ एक विशाल विरोध मार्च कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा सरकार की अडाणी के पक्ष में क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति से वाकिफ है। गहरे आर्थिक संकट के समय में भाजपा सरकार देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को अडाणी समूह को बेच रही है और एसबीआई और एलआईसी जैसे सार्वजनिक संस्थानों को निवेश करने के लिए मजबूर कर रही हैजिससे गरीब और मध्यम वर्ग के भारतीयें की करोड़ो की बचत जोखिम में है।

अडाणी मुद्दे पर आंदोलन तेज करने का निर्णय
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 85वें पूर्ण अधिवेशन में 26 फरवरी को अडाणी मुद्दे पर आंदोलन तेज करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने जिला प्रभारी प्रदेश महासचिव को जिलाध्यक्ष के समन्वय से जिला के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, प्रदेश एवं जिला के पार्टी पदाधिकारियों, एआईसीसी एवं प्रदेश डेलिगेटों, अग्रणी संगठन, विभाग/प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित कराते हुए सभी प्रखंडों में दिनांक 06 मार्च 2023 के कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया है इसके अलावा 13 मार्च 2023 को ‘‘ चलो राजभवन’’ विशाल विरोध मार्च कार्यक्रम में अपने प्रभार के जिला एवं विधानसभा क्षेत्रों से ज्यादा से ज्यादा पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT