चाईबासा:
चाईबासा के कोल्हान इलाके में भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर कुलदीप गंझू ने मंगलवार को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। कुलदीप ने चाईबासा पुलिस केंद्र में कोल्हान DIG, CRPF DIG, DC और SP की मौजूदगी में सरेंडर किया। कुलदीप ने चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे अभियान के डर से आत्मसमर्पण किया है। कुलदीप ने एक 303 रायफल के साथ आत्मसमर्पण किया है। उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामले दर्ज है। कई साल से पुलिस उसकी तलाशी कर रही थी।

13 साल की उम्र में बन गया था नक्सली
कुलदीप भाकपा माओवादी का एरिया कमांडर था। वह बीते 12 साल से इलाके में सक्रिय था। 13 साल की उम्र में ही वह नक्सली बन गया। उसके आत्मसमर्पण करने से झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत उसे 3 लाख अनुदान राशि दी जाएगी। इसके अलावा अगर वह किसी काम के लिए प्रशिक्षण लेना चाहेगा तो वह भी उसे दिया जायेगा।

नक्सली मुक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड पुलिस चला रही अभियान
राज्य को नक्सली मुक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड पुलिस, CRPF, कोबरा, झारखंड जगुआर समेत अन्य केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों द्वारा सभी नक्सली संगठनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दिशा में पुलिस को नक्सली संगठनों के खिलाफ निरंतर सफलता भी मिल रही है। साथ ही भटके नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने के लिए झारखंड पुलिस लगातार कार्य कर रही है।