द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह शहर और मुफ्फसिल क्षेत्र की जर्जर सड़कों और निर्माण कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी के खिलाफ भाकपा माले ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जेपी चौक पर विरोध मार्च निकालते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व माले नेता राजेश सिन्हा कर रहे थे। इस दौरान पार्टी की ओर से उपायुक्त गिरिडीह को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें गिरिडीह की छह प्रमुख जर्जर सड़कों, पचंबा फोरलेन, पचंबा रेलवे पुल रोड, न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन रोड, डांडेडीह रेलवे पुल, दुखिया महादेव रोड, और चैताडीह सदर अस्पताल मेन गेट के सामने की पचंबा बाइपास रोड – का विवरण देकर शीघ्र मरम्मत की मांग की गई है।
प्रदर्शन में शामिल नौशाद, मजहर, निशांत, चुन्नू, एकराम, इम्तियाज सहित दर्जनों लोगों ने कहा कि गिरिडीह के नागरिक सालों से इन सड़कों की खस्ताहाली से जूझ रहे हैं। जगह-जगह गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण दुर्घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र इन सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। इस मौके पर नौशाद आलम, इम्तियाज, तबारक, एकराम, चुन्नू, निशांत भास्कर, मजहर, शहबाज, कैफ़ी अमन, गांधी, गुफरान, अकरम आलम, रियाज, सोनू, विवेक सहित अन्य माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।
