logo

धनबाद : अवैध खनन के कारण शिव मंदिर के पास की जमीन धंसी, स्थानियों में दहशत 

shiv_mandir.jpg

धनबाद:
धनबाद जिले से लगातार दूसरे दिन अवैध खनन के कारण जमीन धंसने का मामले सामने आया है। शनिवार सुबह लोदना स्थित अलकडीहा ओपी क्षेत्र के सेंट्रल सुरूंगा शिव मंदिर के पास जमीन में धंस गई है। जिससे मंदिर में दरार पड़ गई है। आस पास के लोगों में जमीन धंसने के बाद से दहशत व्याप्त हो गया है। इस दौरान अवैध कोयला खनन कर रहे कोयला चोर भाग खड़े हुए। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इस घटना को लेकर आसपास के लोगों में काफी आक्रोश है।


60 मीटर के व्यास में मोटी दरार पड़ी
मिली जानकारी के अनुसार सुरूंगा शिव मंदिर के आसपास बड़े पैमाने पर कुआं बनाकर अवैध कोयला खनन किये जाने के कारण करीब 60 मीटर के व्यास में मोटी दरार पड़ गयी है। जमीन धंसने के कारण शिव मंदिर का दायां हिस्सा झुक गया है। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि कुछ दूरी पर जीनागोड़ा आउटसोर्सिंग का ओबी डंप किया गया है। इसके वजन के कारण भी जमीन पर दबाव पड़ने के आसार हैं। 


कराई जाएगी डोजरिंग
हालांकि कहा जा रहा था कि  अवैध खदान में चाल गिरने से कई लोग नीचे दब गए हैं। लेकिन एनटीएसटी परियोजना के पीओ एसके सिन्हा ने अवैध खनन में किसे के दबने की आशंका से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि मंदिर जरूर धंसा है, लेकिन किसी की जान नहीं गई। बताया कि भूधंसान को रोकने के लिए पहले भी जमीन भरवाई गई थी और आज भी घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए डोजरिंग कराई जाएगी।