नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के हिरणपुर क्षेत्र में पिछले एक माह से क्रशर और पत्थर खदान बंद रहने के कारण रोजगार संकट गहराने लगा है। इसी मुद्दे को लेकर हिरणपुर प्रखंड के मंझलाडीह पंचायत के हजारों ग्रामीणों ने रविवार को कमलघाटी स्थित झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के आवास के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और रोजगार बहाली की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर आंदोलन को तेज करेंगे। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के छह–सात क्रशर एवं पत्थर खदान बंद होने से मजदूर परिवार गंभीर आजीविका संकट से जूझ रहे हैं। वर्षों से मजदूरी कर अपना गुजारा करने वाले लोग अब बेरोजगारी और आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने ग्रामीणों के साथ लंबी वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर समाधान की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मामला विधायक, सांसद, जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सड़क जाम करने से समाधान नहीं निकलता, लेकिन रोजगार से जुड़ी समस्या अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
