रांची
अपराध अनुसंधान विभाग, झारखंड, रांची अंतर्गत साइबर क्राइम थाना में दर्ज कांड संख्या 91/25 (दिनांक 04.08.2025) में बड़ा खुलासा हुआ है। वादी द्वारा दी गई लिखित शिकायत पर आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, पीड़ित को Facebook, WhatsApp और Google सर्च विज्ञापन के जरिए एक फर्जी ट्रेडिंग फाइनेंस रिसर्च कंपनी NJ Financial Research से जोड़ने का झांसा दिया गया। इसके बाद उन्हें HNAC नामक एक फर्जी ऐप के माध्यम से निवेश करने के लिए उकसाया गया। ऐप पर 5 से 10 गुना मुनाफे का लालच देकर 23 लाख रुपये ठग लिए गए।

जांच में सामने आया कि इस ठगी के लिए पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। कांड की तफ्तीश के दौरान झारखंड पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) पुलिस की मदद से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जिस एक्सिस बैंक खाते (नं. 922020004679287) का इस्तेमाल कर रहे थे, उसमें सिर्फ 23 दिनों में 2.51 करोड़ रुपये क्रेडिट हुए। गृह मंत्रालय के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार, इस खाते से जुड़े अलग-अलग राज्यों — केरल (2), गुजरात (1), कर्नाटक (2), उत्तर प्रदेश (1), तमिलनाडु (2), गोवा (1), उत्तराखंड (1), महाराष्ट्र (1) और झारखंड (1) — से कुल 12 शिकायतें दर्ज हुई हैं।
गिरफ्तार आरोपी
1. जयंत ताराचन्द्र अन्नापूणे (45 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र
2. अजय रामभरोसे वाल्मिकी (40 वर्ष), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र
बरामदगी
• मोबाइल : 02
• सिम कार्ड : 04
झारखंड पुलिस ने अपील की है कि लोग ऐसे साइबर अपराधों से सतर्क रहें।
