logo

जामताड़ा : 5 रुपये कम हैं इसलिए नहीं हो रही डिलीवरी, ऐसा कहकर 1 लाख उड़ा ले गये साइबर ठग

cyber_fraud4.jpg

जामताड़ा:
जामताड़ा साइबर ठगी का सबसे बड़ा हब है। साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों के अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। उनका हालिया शिकार सोनारी के खूंटाडीह निवासी अभिषेक कुमार बनें। साइबर ठगों ने पार्सल डिलीवरी के नाम पर पीड़ित के बैंक खाते से एक लाख रुपय उड़ा लिये। इस बारे में अभिषेक ने साइबर थाना बिष्टुपुर में गुरुवार को लिखित केस दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि पार्सल भेजने की जानकारी के नाम पर उनके साथ ठगी हुई है। 


बैंक खाते से उड़ाए एक लाख रुपये 
लिखित शिकायत में दर्ज जानकारी के अनुसार अभिषेक ने 11 नवंबर को गूगल से ब्लूडार्ट कुरियर कंपनी का हेल्प लाइन नंबर निकाला था। नंबर मिलने के बाद उसने उस नंबर पर कॉल कर अपनी पार्सल की जानकारी मांगी। उन्हें कहा गया कि पांच रुपये कम होने के कारण उनकी पार्सल की डिलीवरी नहीं की जा रही है। जब अभिषेक ने पूछा कि अब आगे क्या करना होगा तो उसे एक लिंक भेजा गया और कहा गया कि लिंक को खोल कर इसमें अपना अमेजन एप का पासवर्ड डाले। जैसा-जैसा ठगों ने कहा पीड़ित सब कुछ करते चला गया। उसके बाद जब उसने पासवर्ड अपलोड किया तो फिर एक लिंक आया। उसके बाद उसने लिंक को साइबर अपराधी के मोबाइल नंबर पर भेजने को कहा गया। पीड़ित ने लिंक के उक्त अपराधी के नंबर पर भेज दिया। जिसके अगले दिन उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये की निकासी हो गयी।


साइबर अपराधी अपना रहे नए-नए तरीके
जब इस तरह की वारदातें जांच के दायरे में आई, तब हमेशा एक ही नाम  सामने आया है वो है जामताड़ा। झारखंड का जामताड़ा आज पूरे देश में साइबर अपराध के लिए कुख्यात हो चुका है। जामताड़ा साइबर थाने के इंस्पेक्टर बताते हैं कि अपराधियों ने अब नई मोडस ऑपरेंडी के साथ काम करना शुरू कर दिया है। अपराधी अब बिजली बिल, पार्सल की डिलेवरी, बैंक खातों की जानकारी, एटीएम, क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने का डर दिखाकर ये शातिर अपराधी ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।