द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के चंदाडीह-लखनपुर-नारायणपुर रोड पर आज एक दर्दनाक हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 55 वर्षीय चांदु मंडल के रूप में हुई है, जो सबनपुर गांव का निवासी था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक के रिश्तेदार भोलानाथ महतो ने बताया कि चांदु मंडल साइकिल से जा रहा था, तभी एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने दोषी ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
