logo

आज वतन लौट आएगा मोहम्मद एहसान का शव, संजय मेहता ने विदेश मंत्रालय से लगाई थी फरियाद

mehta1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 

चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड के घटेरी गांव के रहने वाले मो एहसान अंसारी का शव सऊदी अरब से वापस अपने वतन आ रहा है। मो एहसान रोजगार की तलाश में गए थे। एहसान सऊदी अरब में ड्राइविंग का काम करते थे। 2025 के अगस्त महीने में वह भारत आने वाले थे लेकिन उससे पहले ही हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। परिजन सऊदी अरब से शव के आने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन आर्थिक तंगी और कागजी प्रक्रिया की वजह से शव नहीं ला पा रहे थे। 20 जुलाई को मोहम्मद एहसान के भतीजे मोहम्मद असजाद ने बरही विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय मेहता को इस घटना की सूचना दी। इसके बाद संजय मेहता ने विदेश मंत्रालय के मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर गुहार लगाई थी। पत्र की प्रति उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास को भी भेजा। इसके बाद परिजनों से मोहम्मद एहसान के मालिक का नम्बर लेकर संजय मेहता ने उनके मालिक हिशाम से संपर्क किया। उन्होंने वक्त माँगा। 


परिजनों ने ली राहत की सांस
मोहम्मद एहसान के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में काफी परेशानियां हुई। संजय मेहता ने सभी विवरण एवं पासपोर्ट डिटेल्स को मंत्रालय को उपलब्ध कराया। हालांकि सऊदी अरब में मोहम्मद अहसान जहाँ रह रहे थे वहाँ की स्थानीय कागजी प्रक्रिया की जरूरत थी। जिसमें उनके मालिक द्वारा कुछ देरी हुई। बाद में थोड़ा देरी से वह प्रक्रिया पूर्ण हुई। 02 अगस्त को कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया, जेद्दा से संजय मेहता को पत्र का लिखित जवाब आया। जिसमें जेद्दा में भारत के कॉन्सुल नमो नारायण मीना ने लिखा कि शव को भारत भेजने की लगभग सभी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है और कुछ छोटी - मोटी औपचारिकता को पूर्ण किया जाना बाकी है। संजय मेहता ने यह सूचना परिजनों को दी। इस सूचना के बाद परिजनों ने सुकून की साँस ली। 

आज शाम सात बजे कोलकाता पहुंचेगा शव
मोहम्मद अहसान के शव को अल वजेल कार्गो के माध्यम से फ्लाइट संख्या ई के 804 से 05 अगस्त को सबसे पहले जेद्दा से दुबई भेजा गया। उसके बाद 06 अगस्त को दुबई से कोलकाता के लिए फ्लाइट संख्या ई के 572 से कोलकाता एयरपोर्ट भेजा जा रहा है। 06 अगस्त को शाम 07 बजकर 18 मिनट पर फ्लाइट कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। एयरपोर्ट पर कुछ औपचारिकता के बाद शव को 07 अगस्त को सुबह परिजनों को सौंप दिया जाएगा। शव के पहुँचने की सूचना संजय मेहता ने श्रम विभाग राँची को दी। इसके बाद श्रम अधीक्षक चतरा के माध्यम से असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी चतरा को सूचना दी गयी। इसके बाद 104 एम्बुलेंस सेवा के तहत चालक अरबिंद कुमार पांडेय को परिजनों के साथ कोलकाता से शव चतरा लाने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया। 

सेवा के लिए हमेशा तैयार हूंः संजय मेहता

संजय मेहता ने बताया कि लॉकडाउन के समय से एक हेल्पलाइन की शुरुआत की थी। उस दौरान 192 लोगों को फ्लाइट से झारखंड लाया था जो देश के अलग - अलग कोने में फँसे थे। उसके बाद से लगातार प्रवासी मजदूरों, छात्रों की समस्या पहुँचती रहती है। बीच के दिनों में मणिपुर से भी छात्रों को झारखंड लाने में सफलता मिली। मोहम्मद अहसान के इंतेक़ाल की सूचना परिजनों से मिली थी। जिसके बाद हमारी टीम ने प्रयास शुरू किया। उन्होंने बताया कि मानवता की सेवा सबसे बड़ी सेवा है। सामूहिक प्रयासों से ऐसे मामलों को जल्द सुलझाया जा सकता है। पलायन झारखंड की बड़ी समस्या है। सरकार को भी मजदूरों के पलायन पर विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के लिए हमेशा हम सब तैयार हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N