logo

जामताड़ा में युवक की मिली लाश, जमीन विवाद में हत्या का आरोप

DEADBODY1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र के सालुका गांव में  एक युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तम मंडल के रूप में हुई है, जो कल दोपहर से लापता था। परिवार द्वारा की गई खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह लगभग 9 बजे, गांव से कुछ दूरी पर पलाश के जंगल में उसकी लाश बरामद की गई।

लाश की स्थिति देखकर साफ तौर पर हत्या का मामला सामने आ रहा है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई है। साथ ही कई अन्य सामान भी पुलिस ने मौके से जब्त किए हैं, जो आरोपियों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

परिवार वालों का आरोप है कि जमीन विवाद के चलते उत्तम मंडल की हत्या की गई है। परिवार का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उनके साथ विवाद कर रहे थे और धमकियां देते थे। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने जामताड़ा नाला सड़क जाम कर दिया। लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस से 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी की मांग की है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और कहा कि आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उत्तम मंडल की हत्या ने पूरे सालुका गांव में तनाव पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन और तेज होगा। लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की आवाज उठा रहे हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand khabar jharkhand update jamtara news jamtara khabar