बोकारो:
बोकारो जिला के सेक्टर 12 थानाक्षेत्र के टिकुलिया में शनिवार रात शहर के मशहूर सर्जन डॉक्टर इरफान (Dr. Irfan) पर जानलेवा हमला किया गया। अस्पताल से घर जाने के क्रम में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर कुल 5 राउंड गोलियां चलाई। लेकिन गनीमत है कि सारी गोलियां डॉक्टर के कार के कांच में फंसकर रुक गई। इस गोलीकांड के बाद डॉक्टर बिल्कुल सुरक्षित है। लेकिन घटना के बाद से डॉक्टर सहित उनका परिवार काफी दहशत में है।

छानबीन में जुटी पुलिस
इधर मामले की जानकारी पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। उनसे मिलने के लिए उनके घर के बाहर शुभचिंतकों का तांता लग गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुटी है। इधर एसपी के निर्देश पर जिला की सीमा को सील कर अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर जिस इलाके में रहते है वह जमीनी विवाद का इलाका है। इसके अलावा इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि एरिया आर्थिक अपराधियों के वर्चस्व वाला क्षेत्र है, जहां गैंगेस्टर व शूटरों का दबदबा लगातार बना रहता है।

डॉक्टर इरफान ने बताया किसी से कोई दुश्मनी नहीं
डॉक्टर इरफान अंसारी ने बताया कि वह लोगों की सेवा करते हैं लोगों की जिंदगी बचाना उन्हें सेहतमंद बनाना उनका पेशा है। ऐसे में उनके किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। किसी ने उन्हें हाल के दिनों में भी कोई धमकी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में यह घटना उनके समझ के बाहर है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास निवास करने वाले लोग जानते हैं गोली चलाने वाले दोनों युवक क्षेत्र के नहीं है। उनके बयान के बाद पुलिस घटना में जमीन से जुड़े मामले में खंगालने में जुट गई है।