logo

रांची में 19 से 21 सितंबर तक डिफेंस एक्सपो ईस्ट टेक 2025 का आयोजन, कोल्हान के व्यापारियों को भी मिलेगा सुनहरा अवसर

sanjay_seth_jjj.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची 19 से 21 सितंबर तक पहली बार डिफेंस एक्सपो ईस्ट टेक 2025 की मेज़बानी करने जा रही है। भारतीय सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एसआईडीएम) के सहयोग से आयोजित होने वाला यह आयोजन रांची के खेलगांव स्थित विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में होगा।

तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में 200 से अधिक रक्षा एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विक्रेता भाग लेंगे, जिनमें 50 से अधिक एमएसएमई और स्टार्टअप शामिल होंगे। इसके अलावा डीआरडीओ और देश की कई अग्रणी निजी कंपनियां भी अपनी तकनीकी और सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में सेना के उपकरणों का लाइव प्रदर्शन होगा, साथ ही अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों और विभिन्न उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित एक होटल में शहर के प्रबुद्धजनों और व्यापारियों के साथ संवाद कर एक्सपो की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देशभर से रक्षा विशेषज्ञ, औद्योगिक संस्थान, तकनीकी संस्थान और लघु एवं मध्यम उद्योग इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। यह एक्सपो भारत की आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन क्षमता को प्रदर्शित करने के साथ ही इसे और अधिक सशक्त बनाने का मंच भी बनेगा। संजय सेठ ने बताया कि कभी रक्षा आयात पर निर्भर रहने वाला भारत आज 92 देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैन्य शक्ति का लोहा अब पूरी दुनिया मान रही है, जिसका ताज़ा उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव हैं।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि शहर के दुकानदार अपनी दुकानों पर “स्वदेशी अपनाएं” का पोस्टर अवश्य लगाएं। उन्होंने इसे एक जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि इस मुहिम में  व्यापारी संगठन, सामाजिक और धार्मिक संगठन, स्थानीय क्लब तथा सभी जिम्मेदार नागरिक सक्रिय भूमिका निभाएं और लोगों को जागरूक करें। एशिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि झारखंड में पहली बार डिफेंस एक्सपो आयोजित होने जा रहा है, जो पूरे कोल्हान के व्यापारियों के लिए सुनहरा अवसर है। इस कार्यक्रम में B2B मीटिंग्स भी होंगी, जिससे व्यापारियों और डिफेंस सेक्टर के बीच सीधा समन्वय स्थापित होगा और व्यापारी इसका लाभ उठा सकेंगे।
वहीं, भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी ने उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए कहा कि रांची में होने वाला डिफेंस एक्सपो भारत की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता का प्रतीक बनेगा। जिस तरह रक्षा क्षेत्र में हम स्वदेशी तकनीक और उपकरणों के दम पर आगे बढ़ रहे हैं, उसी तरह हमें अपने दैनिक जीवन और व्यापार में भी स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की आदत डालनी होगी। इस दौरान मंच संचालन सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने किया। 

इस दौरान एशिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मुनका, भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलवंत सिंह बंटी, इसरो के अध्यक्ष रूपेश कतिरयार, सीआईआई के प्रतिनिधि उदित अग्रवाल, संजीव कुमार, मानव केडिया, चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष अनिल मोदी, उधमी जवाहर विग, राजीव अग्रवाल, पुनीत कॉन्टिया, बिनोद शर्मा, दशरथ उपाध्याय, दिलीप गोयल,योगेश मल्होत्रा, बिनोद देबूका, विनोद शर्मा, हेमंत गोयल, उमेश चथरथ, चिंटू भलोटिया, महेश अग्रवाल, दीपक पंचमिया, अमृत चौधरी, हरजीत सिंह बुटे, लिप्पु शर्मा, तारणपाल सिंह राजू, प्रवीण, दशरथ गुप्ता, संतोख सिंह, प्रेम झा व अन्य मौजूद रहे।


 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News Updates latest jharkhand News latest updates Defense Expo East Tech Ranchi latest Defense Expo East Tech in ranchi Latest jharkhand News latets jharkhand news