logo

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज आएंगे झारखंड, चतरा में कार्यकर्ताओं संग करेंगे मंथन

rajnath_singh1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज झारखंड आने वाले हैं। करीब 12 बजे रक्षामंत्री रांची पहुंचेंगे। इसके बाद वो चतरा के लिए रवाना होंगे। चतरा पहुंचने पर राजनाथ सिंह सबसे पहले इटखोरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे चतरा, हजारीबाग और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन करेंगे। रक्षामंत्री के आने की सारी तैयारियां हो चुकी है। उनके आगमन को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। 


कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे रक्षामंत्री
चतरा में करीब 45 मिनट रुकने के बाद राजनाथ सिंह रांची के लिए रवाना होंगे, जहां दोपहर 3 बजे डिबडीह में स्थित कार्निवल में रांची, खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ आयोजित बैठक में शामिल होंगे। उम्मीद है कि राजनाथ सिंह के झारखंड दौरे के बाद चतरा और धनबाद सीट पर पार्टी उम्मीदवार को लेकर हो रही देरी दूर हो जायेगी। चतरा में पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद बीजेपी इस पर फैसला लेगी।


दौरा काफी अहम
गौरतलब है कि बीजेपी की ओर से अब तक उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी की जा चुकी हैं।  जिनमें चतरा और धनबाद सीट पर किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। गिरिडीह सीट एनडीए फोल्डर में शामिल आजसू को दिये जाने की संभावना है। ऐसे में चतरा और धनबाद सीट पर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त को देखते हुए राजनाथ सिंह का झारखंड दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86