द फॉलोअप डेस्क
देवघर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक सुरेश पासवान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उन्हें कमजोरी महसूस हो रही थी। धीरे-धीरे उनकी हालत और अधिक खराब होती चली गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया।
दिल्ली पहुंचने के बाद 2 सितंबर मंगलवार को सर गंगाराम अस्पताल में उनका फुल बॉडी चेकअप किया गया। जांच में उनके शरीर में अत्यधिक ब्लड शुगर के साथ-साथ किडनी और लिवर में इंफेक्शन की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज हो रहा है।
सुरेश पासवान झारखंड की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे 2004–2005 और 2009–2014 के बीच देवघर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। हालांकि, 2014 और 2019 के चुनावों में उन्हें भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नारायण दास से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद, उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में जोरदार वापसी करते हुए देवघर सीट से एक बार फिर जीत दर्ज की। वे पूर्व में हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
