द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आज डीसी ऑफिस में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखी। जन शिकायत निवारण दिवस में मुख्य रूप से राशन कार्ड, रोजगार, सरकारी सहायता, आवास निर्माण की राशि, स्वास्थ्य, साफ सफाई, सड़क निर्माण, नशा मुक्ति, शिक्षा, और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित समस्याएं आईं। इनमें कई समस्याओं का समाधान मौके पर किया गया, जबकि अन्य मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संजू टोप्पो ने दिव्यांग बेटे के लिए ट्राई साईकिल और सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की। वहीं, करौंदी गांव में जलमीनार की खराबी के कारण पेयजल समस्या पर ग्रामीणों ने आवेदन दिया, जिसे शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला। रायडीह प्रखंड के ग्रामीणों ने बिजली की समस्या और सोलर पैनल की खराबी पर शिकायत की।
इसके अलावा, एक आवेदिका ने बिजली विभाग से मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिसमें बकरी चराने के दौरान करंट लगने से वह घायल हुई थीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। जन शिकायत निवारण दिवस में एक मां ने अपनी पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता के लिए निवेदन किया, जिसे मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सहायता देने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही, आंगनबाड़ी सेविका, जमीन विवाद, आवास योजना, सामाजिक पेंशन, सड़क निर्माण और रोजगार सहायता से जुड़े कई अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
