द फॉलोअप डेस्क
डीआरएम रांची करुणा निधि सिंह ने कहा है कि केंद्रीय बजट में झारखंड में रेल विकास के लिए 7536 करोड़ का आवंटन किया गया है। इस राशि का उपयोग झारखंड में पहले से चल रही लगभग 63470 करोड़ की परियोजनाओं को पूरा करने पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राशि का खर्च रांची और धनबाद डिविजन की विकास योजना पर किया जाएगा। जिसमें रेलवे लाइनों का दोहरीकरण, इलेक्ट्रिफिकेशन, विशेष डेवलपमेंट वर्क और रेलवे कवच पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि झारखंड को दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन देने की भी घोषणा की गयी है। उनमें एक की फिलहाल घोषणा कर दी गयी है। इसके तहत धनबाद से कोयंबटूर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।

डीआरएम ने बताया कि झारखंड में कुल 57 अमृत भारत स्टेशन चिह्नित किए गए हैं। उनमें 15 रांची रेल मंडल के अंतर्गत है। प्रधानमंत्री ने इनमें गोविंदपुर रोड रेलवे स्टेशन का 22 मई 2025 को शुभारंभ कर चुके हैं। तीन और रेलवे स्टेशन पिस्का, लोहरदगा और मूरी का काम लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि रांची रेल मंडल अंतर्गत रांची-टोरी, चांडिल-मूरी, मूरी-बरकाकाना रेल लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा रांची-हटिया के बीच भी फोर लाइन ट्रैक निर्माण की योजना है।
