द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वास्तु विहार कॉलोनी के एक घर में युवती का शव पांच दिनों तक पड़ा रहा और अंत में उसके ही भाई ने बाथरूम में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब घर से तेज दुर्गंध और जलने की बदबू फैलने लगी, जिससे आसपास के लोग परेशान हो गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बाथरूम से बरामद किया जला हुआ शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के बाथरूम से जली हुई लाश बरामद की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह घर CIMFR के रिटायर्ड वैज्ञानिक संगीत कुमार का था, जिनकी 2023 में मृत्यु हो चुकी है। उनकी तलाकशुदा बेटी लिपिका लंबे समय से डिप्रेशन में थी और अकेले रह रही थी। धीरे-धीरे परिवार के अन्य सदस्य भी समाज से कट गए थे और लोगों से दूरी बना ली थी।

भाई दे रहे अलग-अलग बयान
बड़े भाई प्रणव के अनुसार, उसकी बहन की मौत 8 तारीख को तबीयत बिगड़ने से हुई थी। उसने दावा किया कि शव खराब होने लगा था, इसलिए उसने घर में ही अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं छोटे भाई प्रबुद्ध राजवर्धन ने बताया कि जब वह अंतिम संस्कार का सामान लेकर पहुंचा, तब तक बड़े भाई ने पहले ही यह काम कर दिया था। मामले में विष्णु कुमार राउत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
