द फॉलोअप डेस्क
राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने साहिबगंज में आयोजित दिशा की बैठक में राजमहल विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान एवं विकासशील योजनाओं के क्रियान्वयन के विषय को रखा। उन्होंने कहा कि राजमहल एवं उधवा प्रखंड क्षेत्र में लाखों की आबादी अनुमंडलीय अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर निर्भर है, ऐसे में अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस केंद्र खोलने की आवश्यकता है। डायलिसिस सेंटर खुलने से साहिबगंज जिला मुख्यालय एवं पश्चिम बंगाल सहित बिहार जाकर डायलिसिस करने वाले गरीब मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने अस्पताल स्थित ऑक्सीजन प्लांट की पाइपलाइन को पुरुष एवं महिला सहित प्रसूता वार्ड में विस्तार करने, बाढ़ को लेकर अतिरिक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्यकर्मी की प्रतिनियुक्ति की मांग की। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत सुदूरवर्ती दियारा क्षेत्र प्राणपुर, प्यारपुर सहित राधा नगर एवं चांदशहर से भाया उधवा, राजमहल, मंगलहाट होते हुए साहिबगंज जिला मुख्यालय तक बसों के परिचालन की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही राजमहल से निर्गत परमिट की बसों का परिचालन राजमहल अंतरराज्यीय बस अड्डा से करने की मांग भी बैठक में रखी।
विधायक ने कहा कि राजमहल के तेंदुआ नाला में गाद (मिट्टी) भर गई है, इसकी साफ-सफाई कर किसानों को मुआवजा दिया जाए जिनकी फसलें नष्ट हुई हैं। उन्होंने राजमहल स्थित पुराना थाना परिसर की ऐतिहासिक धरोहर फांसी घर को अतिक्रमण मुक्त करते हुए पुराने थाना भवन का सौंदर्यीकरण कर मार्केट कंपलेक्स के निर्माण की मांग की। सिंघीदलान स्थित स्वर्ण जयंती पार्क का सौंदर्यीकरण करते हुए बच्चों के जर्जर झूले को बदलने एवं परिसर में पर्याप्त रोशनी के लिए सोलर युक्त व्यवस्था की जरूरत बताई।
ड्राई जोन में एचआईवी डीटी योजना के तहत डीप बोरिंग की व्यवस्था, साहिबगंज की उर्दू लाइब्रेरी का सौंदर्यीकरण, पर्यटक एवं श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए राजमहल से मंगलहाट होते हुए कन्हैया स्थान तक, राजमहल से बाबा धनेश्वर नाथ मुरली होते हुए तीनपहाड़ तक एवं राजमहल से उधवा पतौड़ा झील रामसर साइट तक सोलर युक्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की मांग की ताकि सड़क मार्ग में पर्याप्त रोशनी रह सके।
इसके अलावा, उधवा में एनएचआई से जुड़े कार्यों के क्रियान्वयन से संबंधित मामले को भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया। विधायक ने कहा कि जनहित की समस्याओं का निष्पादन करते हुए सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारना है ताकि आमजन इससे लाभान्वित हो सके।
