द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिला मुखिया संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज पंचायत सचिवालय परसाटांड़ में संघ के अध्यक्ष भागीरथ मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन महामंत्री मुकेश यादव, संरक्षक महेन्द्र प्रसाद वर्मा, उपाध्यक्ष रामदेव यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 की बकाया 15वीं वित्त आयोग और पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि सभी पंचायतों को शीघ्र आवंटित करने की जोरदार मांग की गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों के मानदेय को सम्मानजनक बनाए जाने और दुर्घटना बीमा योजना लागू करने की भी मांग उठाई गई। अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत लाभुकों को राशि का त्वरित भुगतान करने एवं ग्राम सभा की प्राथमिकता सूची को मान्यता देने पर भी जोर दिया गया।
संघ ने झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग के अपर सचिव द्वारा 6 सितंबर 2024 को दिए गए लिखित आश्वासन को अब तक लागू नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। इसके समर्थन में जिला और प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध धरना प्रदर्शन की योजना पर विचार किया गया।
बैठक में डुमरी प्रखंड के बलथरिया पंचायत में एक पंचायत सचिव की आत्महत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से उपायुक्त से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई। साथ ही प्रखंड कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई। पंचायत सचिव के पति परमेश्वर नायक को निर्दोष बताते हुए उन्हें दोषमुक्त करने की अपील भी की गई। अध्यक्ष भागीरथ मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बैठक का समापन किया।
