जमशेदपुर:
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी स्थित तमोलिया के रहने वाले एक शराबी ने अपनी पत्नी और 5 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी है। इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतकों में पत्नी पार्वती मुंडा (35) और पुत्र गणेश मुंडा (5) शामिल है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पति का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद पति ने लोहे के रोटी पकाने वाले तवा से महिला और पांच वर्षीय अपने बच्चे के सिर पर हमला कर दिया। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गयी।
इधर, हत्या की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारे पति को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, महिला और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार पति और पत्नी दोनों ही शराब के आदि थे। इस कारण दोनों के बीच अक्सर लड़ाई- झगड़े होते थे। इससे आसपास के लोग भी परेशान रहते थे। इसी क्रम में सोमवार तड़के 5 बजे करीब पति ने पत्नी और बच्चे पर लोहे के तवे से हमला कर दिया। जिससे मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।