logo

नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन के लिए निकलीं द्रौपदी मुर्मू, कुछ देर में लेंगी शपथ

ros.jpg

नई दिल्ली : 
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से पहले द्रौपदी मूर्मु (Draupadi Murmu) सोमवार की सुबह राजघाट पहुंचीं। वहां पर उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। चीफ जस्टिस एनवी रमना मुर्मू को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह 10.15 बजे संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा। मुर्मू देश की 15वीं और पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनने जा रही हैं।


अमित शाह ने ट्वीट कर कहा...
देश के गृह मंत्री अमित शाह ने द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने पर ट्वीट कर कहा, "बीजेपी जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति सदा संकल्पित रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पहली बार इस वर्ग से राष्ट्रपति बनना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है."


ये लोग किए गए आमंत्रित
शपथ ग्रहण समारोह से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे. उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल होंगे। 


21 तोपों की दी जाएगी सलामी
सीजेआई एनवी रमना उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे उसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। शपथ ग्रहण के बाद नई राष्ट्रपति देश को संबोधित करेंगी। अगर आज बारिश हो जाती है तो राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होने वाला औपचारिक समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा।