logo

President Election : CM हेमंत सोरेन ने गर्मजोशी से किया द्रौपदी मुर्मू का स्वागत, क्या समर्थन भी मिलेगा! 

a254.jpg

डेस्क:

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) सोमवार की शाम जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के आवास पर पहुंची तो दिलचस्प नजारा दिखा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उन्हें रिसीव करने उनकी गाड़ी तक आए। यहां, हेमंत सोरेन ने पारंपरिक तरीके से जोहार बोलकर दोनों हाथ जोड़कर औऱ झुककर द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। इस दौरान वहां पास ही केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) भी खड़े थे।

सबके चेहरे पर मुस्कान दिखी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व्यक्तिगत रूप से द्रौपदी मुर्मू की आगवानी कर उन्हें आवास के अंदर ले गये।

शिबू सोरेन के साथ लंबी चली मंत्रणा
थोड़ी दी देर में यहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन (Shibu Soren) पहुंचे और गर्मजोशी से द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। सबने मुस्कुरा कर फोटो खिंचवाई। इसके बाद सब लोग बैठे। यहां शिबू सोरेन और द्रौपदी मुर्मू के बीच काफी देर तक मंत्रणा हुई।

दूसरी तरफ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच भी गुफ्तगू होती रही। वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा गुरुजी और द्रौपदी मुर्मू के पास बैठे। मुलाकात के बाद फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, द्रौपदी मुर्मू को उनकी गाड़ी तक छोड़ने आये। 

झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन से की मुलाकात
सोमवार को रांची में एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार (Presidential Candidate Draupadi Murmu) द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन से मुलाकात की।

इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंदीय राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल मौजूद रहे। शाम 5 बजे द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से मुलाकात की।

द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा से समर्थन मांगा। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू आज सुबह 11 बजे विशेष विमान से रांची पहुंची। रांची एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया।

रांची में एनडीए के सांसद-विधायकों संग मीटिंग
एयरपोर्ट से द्रौपदी मुर्मू सीधा होटल बीएनआर चाणक्या पहुंची जहां एनडीए घटक दल के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो  सहित कई नेता, विधायक और सांसद शामिल हुए। बैठक में राष्ट्रपति चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा हुई। हालांकि, झामुमो राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगा या नहीं, अपने पत्ते नहीं खोले हैं। 

झामुमो क्यों कर सकती है द्रौपदी मुर्मू का समर्थन
दरअसल, द्रौपदी मुर्मू संताल आदिवासी समाज से आती हैं। सोरेन परिवार भी इसी संताल समाज से आता है। संताल परगना प्रमंडल के 6 जिलों में इस समुदाय के लोग रहते हैं। द्रौपदी मुर्मू का झारखंड की पहली महिला राज्यपाल होना भी इस बात का समर्थन करता है कि राष्ट्रपति चुनाव में झामुमो, द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी के साथ जाये। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पहले भी इसके संकेत दिए हैं।

दरअसल, यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के नामांकन के समय झामुमो का कोई नुमाइंदा शामिल नहीं हुआ। सोमवार को जब द्रौपदी मुर्मू रांची आईं तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर उनका स्वागत किया।