द फॉलोअप डेस्क
रविवार रात से हो रही लगातार बारिश के चलते आनंदपुर मुख्य बाजार के सापु नाले में निर्मित पुल पूरी तरह डूब गया। इस कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाले में पानी लबालब भर जाने से पुल के ऊपर से तेज बहाव शुरू हो गया, जिससे भालुडूंगरी से आनंदपुर बाजार का संपर्क पूरी तरह कट गया। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पुल से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया।
लोगों को मजबूरी में 1 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय कर हनुमान मंदिर के पास बने नवनिर्मित पुल से होकर बाजार पहुंचना पड़ा। इस बीच बेड़ातुलुंडा नाला और मोरेंग नाला में भी पानी भर जाने के कारण वहां बने दोनों पुल डूब गए। दोनों पुलों के डूब जाने से बूढीबिल, काकुरदा और बेड़ातुलुंडा गांव पूरी तरह से टापू में तब्दील हो गए।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लोग जान जोखिम में डालकर डूबे पुलों को पार करने को मजबूर हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल डूबने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों की खरीदारी, स्कूल-कॉलेज जाने और गर्भवती महिलाओं की जांच जैसे जरूरी कार्यों में भी भारी परेशानी हो रही है।
इधर, प्रखंड प्रमुख दिलबर खाखा ने डूबे तीनों पुलों का मौके पर जाकर जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन को पत्राचार किया जाएगा। आनंदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में मूसलधार बारिश हो रही है। इसके कारण पुलों के ऊपर से पानी बहने लगा है। क्षेत्र के सभी छोटे-छोटे पुल भी बारिश के पानी में डूब गए हैं, जिससे ग्रामीणों को एक टोले से दूसरे टोले तक जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
