रांची:
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार पूजा सिंघल (Pooja Singhal) के CA सुमन कुमार से आज दूसरे दिन भी ED की पूछताछ जारी है। विशेष अदालत के आदेश पर ईडी सुमन से होटवार जेल में पूछताछ कर रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी सुमन से मनरेगा घोटाले और अवैध खनन (MNREGA scam and illegal mining) के जरिए अधिकारियों और नेताओं के पास कमीशन का पैसे के लेन-देन से जुड़े सवाल कर रही है। इसके अलावा उनसे साहिबगंज सहित अन्य जिलों में चल रहे अवैध खनन से जुड़े सवाल भी पूछे जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि ईडी के इस पूछताछ के दौरान सीए ने कई गहरे राज उगले हैं। वहीं कई सफेदपोश लोगों के नाम का भी खुलासा हुआ है। अब ईडी इन लोगों पर नकेल कसने की तैयारी कर रही है।

शनिवार को भी हुई थी पूछताछ
ईडी ने शनिवार को भी सीए सुमन से पूछताछ की थी। सुबह 11बजे टीम होटवार जेल पहुंची। जहां उन्होंने सीए सुमन कुमार से पूछताछ शुरू की। इसके बाद शाम 5 बजे वहां से लौटी। मनरेगा घोटाले और अवैध खनन मामले में कमीशन का पैसा निलंबित आईएएस पूजा सिंघल के निर्देश पर सीए संबंधित जिलों के डीएम और खनन कारोबारियों से वसूला करता था। जिसके बाद उन पैसे पर आला अधिकारियों से लेकर रसूखदार लोगों का भी हिस्सा रहता था। कमीशन में कितने पैसे किससे लेने हैं इसका निर्णय पूजा सिंघल करती थी और सीए के द्वारा उन तक पहुंचाया जाता था।

2 दिनों तक पूछताछ की मिली इजाजत
अवैध खनन और मनरेगा घोटाले के जरिए की गई मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुमन कुमार से पूछताछ के लिए ईडी ने विशेष अदालत से अपील की थी। उसके बाद जेल में कैदी ने सोमवार से 2 दिनों तक पूछताछ करने का समय दिया था। बता दें कि इससे पहले सीए से पूछताछ के बाद ईडी ने उसके घर से 19 करोड़ रुपय बरामद किए थे। जिसमें अधिकांश पैसे पूजा सिंघल के थे।